मंडल रेल प्रबंधक आगरा श्री तेज प्रकाश अग्रवाल के मार्गदर्शन में और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आगरा श्री अमित आनंद के निर्देशन में आगरा मंडल में लगातार अवैध वेंडिंग के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें अनाधिकृत/अनब्रांडेड पानी या खाने की पैक्ड वस्तुएं पकड़ी जा रही हैं। नवम्बर माह 2024 में 23 अवैध वेंडरों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
इसी क्रम में दिनांक 05.12.2024 को मंडल वाणिज्य निरीक्षक खानपान मथुरा द्वारा गाड़ी संख्या 20404 प्रयागराज एक्सप्रेस में अलवर से मथुरा के बीच 03 अवैध वेंडरों को पकड़ा गया। चेकिंग के दौरान जब उनसे दस्तावेज़ मांगे गए, तो उनके पास कोई भी वैध दस्तावेज़ नहीं मिले। उसके बाद उन्हें न्यायिक प्रक्रिया हेतु रेल सुरक्षा बल मथुरा जंक्शन को सुपुर्द किया गया।
रेलवे स्टेशन के अलावा चलती ट्रेनों में भी अवैध वेंडरों के खिलाफ वाणिज्य विभाग द्वारा स्पेशल ड्राइव चलाई जा रही है। इसका मुख्य उद्देश्य खराब गुणवत्ता की खाद्य सामग्री और ओवर चार्जिंग पर रोक लगाना है। इसके तहत स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए खानपान इकाइयों पर उचित मूल्यों पर पानी एवं खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाई जा रही है, जिससे यात्रियों के साथ ओवर चार्जिंग जैसी घटनाओं पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाया जा सके।
जनसंपर्क अधिकारी कु. प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि अवैध वेंडरों के खिलाफ स्पेशल ड्राइव चलाई जा रही है, जिससे खराब गुणवत्ता की खाद्य सामग्री और ओवर चार्जिंग पर रोक लगाई जा सके। रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों से अपील की जाती है कि वे अधिकृत वेंडरों और हॉकर्स से ही खाने-पीने की वस्तुएं खरीदें।
Source/RSB

