स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर खाद्य स्टॉल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं खान-पान से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। महाप्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों एवं स्टॉल संचालकों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ-साथ स्वच्छता मानकों का निरंतर पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को बेहतर एवं सुविधाजनक खान-पान की सुविधा उपलब्ध कराना आवश्यक है। इसके लिए खाद्य स्टॉलों की नियमित निगरानी, साफ-सफाई और निर्धारित मानकों के अनुरूप खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए।
Source – SECR & RSB

