भारतीय रेल द्वारा जल अवसंरचना को सुदृढ़ करने एवं सुरक्षा प्रबंधन के संबंध में जारी निर्देशों के अनुरूप, उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल ने दिल्ली क्षेत्र के प्रमुख रेलवे स्टेशनों—नई दिल्ली, दिल्ली जंक्शन एवं आनंद विहार टर्मिनल—पर जलापूर्ति प्रणालियों के व्यापक उन्नयन के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। इन तीनों स्टेशनों पर प्रतिदिन लगभग 6.5 लाख यात्रियों का आवागमन होता है। इस पहल का उद्देश्य केवल अंतिम स्तर पर जल की गुणवत्ता की जांच तक सीमित न रहकर यात्रियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित एवं hygienic (स्वच्छतापूर्ण) पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। इस अभियान के तहत निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जल भंडारण टैंकों एवं फिल्ट्रेशन टैंकों की व्यापक सफाई के साथ-साथ आवश्यक अवसंरचना उन्नयन कार्य किए जा रहे हैं। यह सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं कि सभी जल भंडारण टैंकों पर उचित ढक्कन एवं सुरक्षित वेंट लगाए जाएं, ताकि बाहरी स्रोतों से होने वाले किसी भी प्रकार के प्रदूषण को रोका जा सके। किसी भी प्रकार के रिसाव का पता लगाने के लिए संपूर्ण जल वितरण नेटवर्क का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। क्षतिग्रस्त पाइपों, नलों एवं वाल्वों की तत्काल मरम्मत अथवा आवश्यकता के अनुसार उन्हें बदला जा रहा है, ताकि जल की बर्बादी को न्यूनतम किया जा सके। पेयजल आपूर्ति प्रणाली तथा गैर-पेयजल उपयोग की लाइनों के बीच पूर्ण पृथक्करण भी सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि किसी भी प्रकार के क्रॉस-कंटैमिनेशन (आपसी संदूषण) की संभावना समाप्त की जा सके।
स्टेशन परिसर में वाटर कूलरों एवं वॉटर वेंडिंग मशीनों (WVMs) से जुड़े RO शुद्धिकरण संयंत्रों में लगाए गए फिल्टर कैंडल/कार्ट्रिज की नियमित सर्विसिंग, ओवरहॉलिंग तथा आवश्यकता के अनुसार उनका प्रतिस्थापन किया जा रहा है। जल कूलरों एवं यात्रियों के लिए जल वितरण केंद्रों के आसपास अनिवार्य स्वच्छता एवं रखरखाव अभियान भी चलाए जा रहे हैं, ताकि आसपास के क्षेत्रों में उच्च स्तर की स्वच्छता सुनिश्चित की जा सके। रेलवे के चिकित्सा कर्मियों एवं इंजीनियरिंग टीमों द्वारा नियमित रूप से जल की गुणवत्ता की जांच की जा रही है। इसके अतिरिक्त, निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए अवशिष्ट क्लोरीन (Residual Chlorine) के स्तर की नियमित निगरानी की व्यवस्था लागू की गई है। सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करना दिल्ली मंडल की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है।
Source – NR & RSB

