आगरा कैंट–धौलपुर रेलखंड पर मानक कवच की सफल कमीशनिंग

52.46 किलोमीटर सेक्शन में 720 RFID टैग लगाए गए                                           

उत्तर मध्य रेलवे के आगरा मंडल में रेल यात्रियों की सुरक्षा को और सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए आगरा कैंट–धौलपुर सेक्शन में 52.46 किलोमीटर रेलखंड पर मानक कवच प्रणाली की सफल कमीशनिंग दिनांक 24 सितम्बर 2026 को की गई है। इस रेलखंड पर कुल 720 RFID टैग लगाए गए हैं।

यह महत्वपूर्ण उपलब्धि श्री नरेश पाल सिंह, महाप्रबंधक महोदय  के मार्गदर्शन एवं श्री दीपक कुमार सिन्हा ,प्रधान मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर (PCSTE) उत्तर मध्य रेलवे  के नेतृत्व में परियोजना इकाई, आगरा द्वारा हासिल की गई। मंडल रेल प्रबंधक, आगरा श्री गगन गोयल के मार्गदर्शन में आगरा मंडल द्वारा रेल संरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए आधुनिक एवं स्वदेशी सुरक्षा तकनीकों के प्रभावी कार्यान्वयन की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

इस परियोजना के अंतर्गत आगरा कैंट से धौलपुर तक कुल 52.46 किलोमीटर रेलखंड में 720 RFID टैग लगाए गए हैं। ये RFID टैग ट्रेन की स्थिति एवं परिचालन संबंधी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने में मानक कवच प्रणाली के महत्वपूर्ण घटक के रूप में कार्य करते हैं।

 ‘मानक कवच’ एक स्वदेशी Automatic Train Protection (ATP) प्रणाली है, जिसका उद्देश्य मानवीय त्रुटियों की स्थिति में ट्रेन परिचालन की सुरक्षा को बढाना है । यह प्रणाली लोको पायलट को आवश्यक सुरक्षा सहायता प्रदान करते हुए  विभिन्न परिस्थितियों में ट्रेन की गति को नियंत्रित करने में सक्षम है।

मानक कवच के प्रमुख सुरक्षा लाभों में शामिल हैं-

1)सामने से होने वाली टक्कर (Head-on Collision) से सुरक्षा।

2)पीछे से होने वाली टक्कर (Rear-end Collision) से सुरक्षा।

3)रोल-अवे (Rollaway) से सुरक्षा।

4)स्टैंडस्टिल (Standstill) सुरक्षा।

आगरा कैंट–धौलपुर सेक्शन में मानक कवच की कमीशनिंग से इस महत्वपूर्ण रेलखंड पर ट्रेन परिचालन की सुरक्षा एवं विश्वसनीयता में वृद्धि होगी। यह उपलब्धि उत्तर मध्य रेलवे द्वारा आधुनिक स्वदेशी सुरक्षा तकनीक को अपनाने तथा रेल यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

इस परियोजना को सफलतापूर्वक पूरा करने में सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग, परियोजना इकाई आगरा तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। टीम के समन्वित प्रयासों से निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप मानक कवच प्रणाली की सफल कमीशनिंग की गई।

उत्तर मध्य रेलवे यात्रियों को सुरक्षित, संरक्षित एवं सुगम रेल यात्रा उपलब्ध कराने के लिए आधुनिक तकनीक एवं स्वदेशी सुरक्षा प्रणालियों के कार्यान्वयन हेतु निरंतर प्रयासरत है।

Source – NCR & RSB

Previous Next