पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर, भोपाल एवं कोटा मंडलों में यात्री यातायात से प्राप्त राजस्व एवं यात्रियों की संख्या में निरंतर वृद्धि दर्ज की जा रही है। महाप्रबंधक के मार्गदर्शन, प्रमुख मुख्य विभागाध्यक्षों के निर्देशन तथा तीनों मंडलों के वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में पश्चिम मध्य रेल ने चालू वित्त वर्ष के जुलाई माह में यात्री यातायात से 238 करोड़ 21 लाख रुपये का ऑरिजिनेटिंग राजस्व अर्जित किया है। अकेले जुलाई माह में आरक्षित टिकटों से 168 करोड़ 44 लाख रुपये तथा अनारक्षित टिकटों में 69 करोड़ 78 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। यह पिछले वित्तीय वर्ष की इसी अवधि में अर्जित 209 करोड़ 58 लाख रुपये की तुलना में 13.66 प्रतिशत अधिक है। इस अवधि में पश्चिम मध्य रेल से कुल 101 लाख 49 हजार यात्रियों ने यात्रा की, जिसमें 27 लाख 31 हजार आरक्षित तथा 74 लाख 18 हजार अनारक्षित यात्री शामिल हैं। यात्रियों की कुल संख्या पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 9.19 प्रतिशत अधिक रही।
मंडलवार यात्री आय
जुलाई माह में ऑरिजिनेटिंग यात्री राजस्व में भोपाल मंडल का 97 करोड़ 42 लाख रुपये, जबलपुर मंडल का 89 करोड़ 50 लाख रुपये तथा कोटा मंडल का 51 करोड़ 29 लाख रुपये का योगदान रहा। अप्रैल-जुलाई में यात्री आय में 9.56 प्रतिशत की वृद्धि इसी प्रकार वित्त वर्ष 2026-27 के प्रथम चार माह अप्रैल से जुलाई के दौरान पश्चिम मध्य रेल ने यात्री यातायात से अब तक 923 करोड़ 94 लाख रुपये का ऑरिजिनेटिंग राजस्व अर्जित किया है। यह पिछले वित्तीय वर्ष की इसी अवधि में प्राप्त 843 करोड़ 35 लाख रुपये की तुलना में 9.56 प्रतिशत अधिक है। इस अवधि में आरक्षित एवं अनारक्षित सहित कुलू 408 लाख 16 हजार यात्रियों ने यात्रा की, जो गत वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 4.63 प्रतिशत अधिक है।
Source – WCR & RSB

