प्रयागराज मंडल कार्यालय में उत्साहपूर्वक मनाया गया 12वाँ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

दिनांक 21.06.2026 को प्रयागराज मंडल में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर स्थित सभागार में उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक, प्रयागराज श्री रजनीश अग्रवाल द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया।

इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” रही। योगाभ्यास सत्र का संचालन भारतीय योग संस्थान, प्रयागराज के योग विशेषज्ञ एवं क्षेत्रीय मंत्री श्री हंस कुमार राय के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) श्री दीपक कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) श्री धनंजय कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री वैभव कुमार गुप्ता, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री दीपक कुमार आज़ाद सहित मंडल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री रजनीश अग्रवाल ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मन, शरीर और आत्मा के मध्य संतुलन स्थापित करने की एक समग्र जीवन पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से शरीर में ऊर्जा का संचार होता है, मानसिक एकाग्रता बढ़ती है तथा तनाव एवं विभिन्न रोगों से बचाव में सहायता मिलती है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

योग प्रशिक्षक श्री हंस कुमार राय ने प्रतिभागियों को विभिन्न चालन क्रियाओं, योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया। इस दौरान भद्रासन, वज्रासन, मकरासन, भुजंगासन, शलभासन तथा पवनमुक्तासन सहित अनेक योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया तथा उनके स्वास्थ्य संबंधी लाभों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान बदलती जीवनशैली, पर्यावरणीय चुनौतियों तथा बढ़ती स्वास्थ्य समस्याओं के बीच योग की उपयोगिता पर विशेष प्रकाश डाला गया। सभी प्रतिभागियों से संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या एवं निरंतर योगाभ्यास अपनाकर स्वस्थ एवं निरोग जीवन जीने का संकल्प लेने का आह्वान किया गया।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का यह आयोजन कर्मचारियों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने तथा योग को जन-जन तक पहुँचाने की दिशा में एक सार्थक पहल सिद्ध हुआ।

Source-NCR

Previous Next