कार्यक्रम में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट भारती मीणा, उत्तर मध्य रेलवे के अपर महाप्रबंधक शशिप्रकाश द्विवेदी, जिला विकास अधिकारी गोपाल प्रसाद कुशवाहा एवं प्रयागराज मेला प्राधिकरण के उपमेला अधिकारी विवेक शुक्ला विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। रेलवे पैसेंजर्स सेफ्टी एंड एमेनिटीज एसोसिएशन के अध्यक्ष ज्ञानेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 की ओर अग्रसर "गंगोत्री से गंगासागर तक" विशेष श्रृंखला के अंतर्गत प्रयागराज के दशाश्वमेध घाट, दारागंज में भव्य योग काउंटडाउन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान (एमडीएनआईवाई), आयुष मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा रेलवे पैसेंजर्स सेफ्टी एंड एमेनिटीज एसोसिएशन एवं राष्ट्रीय आयुष मिशन के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक कॉमन योग प्रोटोकॉल (CYP) का अभ्यास कर स्वस्थ शरीर, शांत मन एवं समग्र कल्याण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि, आयुष महानिदेशक (उत्तर प्रदेश) श्रीमती चैत्रा वी. द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस दौरान भगवान धन्वंतरि एवं महर्षि पतंजलि के चित्र पर माल्यार्पण किया गया तथा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पवित्र हवन-पूजन संपन्न हुआ। इसके पश्चात घाट के किनारे मनोरम वातावरण में लगभग 850 लोगों ने एक साथ कॉमन योग प्रोटोकॉल (CYP) के अंतर्गत योगाभ्यास कर निरोगी जीवन का संकल्प लिया।
रेलवे पैसेंजर्स सेफ्टी एंड एमेनिटीज एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री ज्ञानेंद्र कुमार श्रीवास्तव एवं क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी, प्रयागराज डॉ. नवीन सोनी ने सभी अतिथियों स्वागत किया I श्री ज्ञानेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का विजन योग को भारत की प्राचीन परंपरा तक सीमित न रखकर उसे समग्र स्वास्थ्य, वैश्विक कल्याण और मानवता के बीच सद्भाव का जन-आंदोलन बनाना है। इसी संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए प्रयागराज में भविष्य में भी नियमित रूप से योग शिविर, जन-जागरूकता कार्यक्रम एवं स्वास्थ्य संवर्धन गतिविधियों का आयोजन किया जाता रहेगा। उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण का एक प्रभावी माध्यम है तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।
इस वृहत योग शिविर में समाज के विभिन्न वर्गों और प्रशासनिक अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से सुश्री भारती मीणा, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, श्री शशिप्रकाश द्विवेदी, अपर महाप्रबंधक, उत्तर मध्य रेलवे, श्री गोपाल प्रसाद कुशवाहा, जिला विकास अधिकारी तथा श्री विवेक शुक्ला, उपमेला अधिकारी, प्रयागराज मेला प्राधिकरण अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
रक्षा मंत्रालय के अधीन आयुध भंडार किला (OD Fort), प्रयागराज से श्री संजय कुमार श्रीवास्तव, राजपत्रित अधिकारी, OD Fort, श्री दीप नारायण सिंह, उपाध्यक्ष, OD Fort श्रमिक संघ एवं वर्क्स कमेटी सदस्य, श्री अनिल कुमार यादव, उपाध्यक्ष, OD Fort श्रमिक संघ तथा श्री पंकज सिंह, वर्क्स कमेटी सदस्य उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त सिविल डिफेंस से श्री नीरज मिश्रा, एनसीसी कैडेट्स, ब्रह्माकुमारीज, पतंजलि योगपीठ तथा अन्य सामाजिक एवं योग संगठनों के सदस्यों, विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने पूरी ऊर्जा और उत्साह के साथ योग क्रियाओं में सहभागिता की। इति इति योगाश्रम के संस्थापक एवं योगाचार्य श्री निशांत कुमार झा द्वारा उपस्थित जनसमूह को कॉमन योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत योगाभ्यास कराया गया।
गंगा तट पर आयोजित यह योग महाकुंभ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।
रेलवे पैसेंजर्स सेफ्टी एंड एमेनिटीज एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री ज्ञानेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों, सहयोगी संस्थाओं, जिला प्रशासन, आयुष विभाग तथा प्रतिभागियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।

