अनुसंधान, नवाचार लोको निर्माण पर विशेष मंथन
भारतीय रेल के अनुसंधान, नवाचार एवं तकनीकी मानकीकरण के प्रमुख केंद्र अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन (आरडीएसओ), लखनऊ के महानिदेशक श्री प्रभास दनसाना ने आज बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) का दौरा कर लोको निर्माण की प्रक्रियाओं एवं उत्पादन गतिविधियों का अवलोकन किया।
बरेका आगमन पर महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत ने उनका हार्दिक स्वागत किया तथा शिष्टाचार भेंट के दौरान भारतीय रेल के तकनीकी आधुनिकीकरण, अनुसंधान एवं विकास गतिविधियों, रेल इंजनों के मानकीकरण तथा भविष्य की तकनीकी आवश्यकताओं से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक विचार-विमर्श हुआ।
अपने निरीक्षण के दौरान श्री दनसाना ने लोको फ्रेम शॉप, लोको असेंबली शॉप, ट्रक मशीन शॉप एवं लोको टेस्ट शॉप का भ्रमण किया। उन्होंने रेल इंजनों के निर्माण की विभिन्न चरणबद्ध प्रक्रियाओं, गुणवत्ता नियंत्रण प्रणालियों तथा आधुनिक बेल्डिंग तकनीकी व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उत्पादन दक्षता, तकनीकी उत्कृष्टता एवं गुणवत्ता मानकों के प्रति बरेका की प्रतिबद्धता की सराहना की।
इस अवसर पर महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत ने बरेका की उल्लेखनीय उपलब्धियों, लोको उत्पादन क्षमता के विषय में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विद्युत इंजीनियर (लोको) श्री अरविंद कुमार जैन तथा उप मुख्य विद्युत इंजीनियर श्री सुदीप रावत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
दौरे के दौरान अनुसंधान, नवाचार एवं उत्पादन इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय, उन्नत तकनीकों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा भारतीय रेल को और अधिक सुरक्षित, आधुनिक एवं दक्ष बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयासों पर विशेष बल दिया गया।
Source- BLW

