रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार बनारस रेल इंजन कारखाना में 15 मई 2026 से 5 जून 2026 तक “विश्व पर्यावरण दिवस अभियान-2026” उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन, हरित विकास तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ भविष्य के प्रति जन-जागरूकता उत्पन्न करना है।
इसी क्रम में आज बरेका पश्चिमी स्वास्थ्य केंद्र, परिसर में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बरेका के महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत द्वारा पौधरोपण कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए सभी से अधिकाधिक वृक्षारोपण करने एवं प्रकृति के संरक्षण हेतु सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में ही सहायक नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ व स्वस्थ जीवन प्रदान करने का आधार भी हैं। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान प्रकृति, मातृत्व एवं संवेदनशीलता को जोड़ने वाला एक प्रेरणादायी प्रयास है, जो समाज को पर्यावरण के प्रति भावनात्मक रूप से जोड़ने का कार्य करता है।
इस अवसर पर मुख्य रूप से प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर श्री मनीष कुमार, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर श्री विवेक शील, प्रमुख मुख्य इंजीनियर श्री शैलेंद्र कुमार सिंह, प्रधान वित्त सलाहकार श्री मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक श्री आलोक अग्रवाल, प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश कुमार, महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त श्री देवराज कुमार मौर्य, मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री अंकुर चंद्रा, मुख्य अभिकल्प इंजीनियर, विद्युत, श्री अनुराग कुमार गुप्ता, मुख्य अभिकल्प इंजीनियर,डीजल, श्री प्रवीण कुमार, मुख्य विद्युत सर्विस इंजीनियर श्री मनोज कुमार गुप्ता, मुख्य यांत्रिक इंजीनियर,उत्पादन एवं विपणन, श्री राम जन्म चौबे, मुख्य संरक्षा अधिकारी श्री जितेंद्र अग्रवाल, उप मुख्य इंजीनियर श्री साकेत, उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर, स्पेयर्स श्री सुभाष चंद्र यादव, उप मुख्य संरक्षा अधिकारी श्री अक्षय कांत धूसिया, जन संपर्क अधिकारी श्री राजेश कुमार, कर्मचारी परिषद के सदस्य गण श्री नवीन सिन्हा, श्री सुशील कुमार सिंह, श्री मनीष कुमार सिंह, श्री संतोष कुमार यादव एवं श्री श्रीकांत यादव सहित बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने भी “एक पेड़ माँ के नाम” के संकल्प के साथ पौधरोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हरित एवं स्वच्छ वातावरण बनाए रखने तथा पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया।
विश्व पर्यावरण दिवस अभियान-2026 के अंतर्गत बरेका में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, नुक्कड़ नाटक एवं जनभागीदारी आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे पर्यावरण संरक्षण के प्रति व्यापक जागरूकता उत्पन्न हो रही है।
Source-BLW

