दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने बिलासपुर स्थित कोचिंग डिपो का निरीक्षण कर यात्री सुरक्षा, अग्नि संरक्षा तथा कोच अनुरक्षण व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पिट लाइन, पावर कारों की तकनीकी स्थिति एवं विभिन्न मेंटेनेंस कार्यों का परीक्षण किया ।
महाप्रबंधक ने निर्देश दिए कि पावर कार इंजनों के ओवरड्यू शेड्यूल समय पर पूरे किए जाएं तथा सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अग्नि सुरक्षा से जुड़े विद्युत परीक्षणों को गंभीरता से लेते हुए नियमित जांच करने तथा पावर पैनल से संबंधित खराबियों की विस्तृत जांच कर उनकी पुनरावृत्ति रोकने के निर्देश दिए ।
उन्होंने कहा कि मल्टीमीटर, टोंग टेस्टर एवं थर्मल स्कैनर जैसे आवश्यक उपकरण हमेशा उपलब्ध रहें, ताकि लूज कनेक्शन, ओवर करंट एवं हॉट स्पॉट जैसी समस्याओं की समय रहते पहचान की जा सके। साथ ही ऑन बोर्ड स्टाफ को आवश्यक स्पेयर एवं उपभोग्य सामग्री, विशेषकर फ्यूज, पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए ।
महाप्रबंधक ने पिट लाइन से रेक निकासी से पहले रेक लॉकिंग सुनिश्चित करने तथा यार्ड एवं स्टेशन यार्ड में खड़ी रेकों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि ट्रेनों के प्रस्थान से पर्याप्त पहले कोच खोले जाएं और रेकों की प्री-कूलिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके ।
निरीक्षण के अंत में महाप्रबंधक ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के तीनों मंडलों में सभी रेकों का विशेष सुरक्षा ऑडिट कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्री सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए ।
Source-SECR

