मध्य रेल में विस्टाडोम कोच को 100 प्रतिशत से अधिक संरक्षण

मध्य रेल के विस्टाडोम कोच की लोकप्रियता में पिछले तीन वर्षों के दौरान लगातार वृद्धि दर्ज की गई है। कई मार्गों पर इन कोच में 100 प्रतिशत से अधिक ऑक्यूपेंसी दर्ज हुई है। प्रमुख मार्गों पर यात्री संरक्षण, राजस्व अर्जन तथा ऑक्यूपेंसी स्तर में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है।

वित्तीय वर्ष 2023-24, 2024-25 तथा 2025-26 के दौरान मध्य रेल की प्रमुख ट्रेनों में संचालित विस्टाडोम कोच के उत्कृष्ट प्रदर्शन से यह स्पष्ट होता है कि प्रीमियम दर्शनीय रेल यात्रा की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है तथा यात्री बेहतर ऑनबोर्ड यात्रा अनुभव को अधिक प्राथमिकता दे रहे हैं।

*वर्षवार प्रदर्शन*

वित्तीय वर्ष 2023-24 से 2025-26 की तीन वर्षीय अवधि के दौरान मध्य रेल की ट्रेनों में संचालित 11,878 विस्टाडोम कोचेस में 5.33 लाख यात्रियों ने यात्रा की, जिससे ₹81.29 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ।वित्तीय वर्ष 2023-24 के दौरान मध्य रेल ने 3,982 विस्टाडोम फेरे संचालित किए, जिनमें 1,76,404 यात्रियों ने यात्रा की तथा ₹26.50 करोड़ का राजस्व अर्जित हुआ। इस अवधि में औसत ऑक्यूपेंसी 91.36 प्रतिशत रही। यह बढ़ती प्रवृत्ति वित्तीय वर्ष 2024-25 में भी जारी रही, जब 3,930 फेरों में 1,76,608 यात्रियों ने यात्रा की। इससे ₹26.83 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ तथा औसत ऑक्यूपेंसी बढ़कर 92.56 प्रतिशत हो गई। वित्तीय वर्ष 2025-26 में विस्टाडोम सेवाओं के प्रदर्शन में और मजबूती आई। इस दौरान 3,966 फेरों में 1,80,466 यात्रियों ने यात्रा की तथा ₹27.96 करोड़ का राजस्व दर्ज किया गया। औसत ऑक्यूपेंसी भी बढ़कर 93.67 प्रतिशततक पहुँच गई।

यह निरंतर बढ़ती मांग मध्य रेल की प्रीमियम पर्यटन एवं आरामदायक यात्रा सेवाओं की सफलता को दर्शाती है।

विस्टाडोम कोच की प्रमुख विशेषताएँ

मध्य रेल के विस्टाडोम कोच विशेष रूप से पर्यटन को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं। इन्हें प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर रेलखंडों पर चलाने के लिए डिजाइन किया गया है, जैसे – मुंबई–पुणे (भोर घाट पश्चिमी घाट), मुंबई–मडगांव (कोंकण मार्ग), पुणे–सिकंदराबाद आदि।

 विस्टाडोम कोच की विशेषताएँ

• ग्लास रूफटॉप – पारदर्शी कांच की छत यात्रियों को आकाश, पर्वत और प्राकृतिक दृश्यों का मनोरम पैनोरमिक दृश्य प्रदान करती है, विशेषकर मुंबई–पुणे घाट तथा मुंबई–गोवा कोंकण मार्ग पर।

• बड़ी चौड़ी खिड़कियाँ – अतिरिक्त बड़ी साइड विंडो घाटियों, झरनों, सुरंगों, नदियों और पहाड़ियों के निर्बाध दृश्य उपलब्ध कराती हैं।

• 180 डिग्री घूमने वाली सीटें – सीटों को दोनों दिशाओं में घुमाया जा सकता है तथा परिवार या समूह आमने- सामने बैठ सकते हैं।

• पुशबैक रिक्लाइनर चेयर – दिन के समय आरामदायक यात्रा अनुभव के लिए प्रीमियम रिक्लाइनिंग सीटें उपलब्ध हैं।

• रियर ऑब्जर्वेशन लाउंज / व्यूइंग गैलरी – बड़े कांच के पैनलों से युक्त विशेष अवलोकन क्षेत्र, जहाँ यात्री प्राकृतिक दृश्यों का आनंद लेने और फोटोग्राफी करने का अनुभव प्राप्त करते हैं। यह मध्य रेल के विस्टाडोम कोच का प्रमुख आकर्षण है।

• इलेक्ट्रिक ऑटोमैटिक स्लाइडिंग डोर – बटन से संचालित स्वचालित दरवाजे सुविधा और सुरक्षा दोनों को बढ़ाते हैं।

• एलईडी / एलसीडी डिस्प्ले स्क्रीन – कोच के भीतर डिजिटल स्क्रीन पर मार्ग संबंधी जानकारी, मनोरंजन तथा घोषणाएँ प्रदर्शित की जाती हैं।

• वातानुकूलित प्रीमियम इंटीरियर – पूर्णतः एसी कोच, आधुनिक सज्जा और प्रीमियम माहौल के साथ।

• दिव्यांगजन-अनुकूल चौड़े दरवाजे – चौड़े स्लाइडिंग दरवाजे दिव्यांग यात्रियों की सुविधा और पहुँच को बेहतरबनाते हैं।

• आधुनिक शौचालय – बेहतर फिटिंग, सिरेमिक फ्लोरिंग और बायो-टॉयलेट प्रणाली से युक्त आधुनिक शौचालय।

• सीसीटीवी निगरानी – यात्रियों की सुरक्षा के लिए कोच में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।

यह कोच यात्रियों को एक अनूठा यात्रा अनुभव प्रदान करते हैं तथा प्रकृति के और अधिक निकट आने का अवसर देते हैं।

मध्य रेल नवीन प्रीमियम सेवाओं और बेहतर ऑनबोर्ड सुविधाओं के माध्यम से यात्री अनुभव को और उन्नत बनाने केलिए प्रतिबद्ध है। पिछले तीन वर्षों में विस्टाडोम कोच के प्रदर्शन में हुई निरंतर वृद्धि यह दर्शाती है कि मध्य रेल यात्रियों की बदलती अपेक्षाओं को सफलतापूर्वक पूरा करते हुए पर्यटन और प्रीमियम रेल यात्रा को बढ़ावा दे रहा है।

Source-CR

Previous Next