अपर महाप्रबन्धक, पूर्वोत्तर रेलवे श्री विनोद कुमार शुक्ल ने 04 मई, 2026 को गोरखपुर जं. स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-9 पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं का बृहद निरीक्षण किया।

पूर्वोत्तर रेलवे अपने यात्रियों को बेहतर यात्री सुविधा उपलब्ध कराने एवं आवागमन को सुगम बनाने हेतु प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में, अपर महाप्रबन्धक, पूर्वोत्तर रेलवे श्री विनोद कुमार शुक्ल ने 04 मई, 2026 को गोरखपुर जं. स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-9 पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं का बृहद निरीक्षण किया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबन्धक, लखनऊ श्री गौरव अग्रवाल, अपर मंडल रेल प्रबन्धक/परिचालन, लखनऊ श्रीमती नीतू, मुख्यालय एवं लखनऊ मंडल के वरिष्ठ अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित थे। अपर महाप्रबन्धक श्री विनोद कुमार शुक्ल ने गोरखपुर जं. स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के निरीक्षण के दौरान ड्रेनेज की साफ-सफाई एवं पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया।

निरीक्षण के दौरान अपर महाप्रबन्धक श्री विनोद कुमार शुक्ल ने गोरखपुर जं. स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 एवं 9 पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं का गहनता से निरीक्षण किया। श्री शुक्ल ने यात्री सुविधाओं- कैब-वे, पार्किंग स्थल, पेय जल तथा पे एंड यूज प्रसाधन का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भंडार डिपो, गोरखपुर के निकट प्लेटफॉर्म संख्या-9 के प्रवेश द्वार के समीप रिक्त स्थान को समतल कर पौधारोपण करके तथा उन्हें ट्री गार्ड से सुरक्षित करने हेतु सम्बन्धित को निर्देशित किया। साथ ही उन्होंने बड़े पेड़ों को रंग कर सौंदर्यीकरण करने का सुझाव दिया। श्री शुक्ल ने यात्रियों के आवागमन को सुगम बनाने हेतु प्लेटफॉर्म संख्या-9 के पूर्वी एवं पश्चिमी छोर पर वाहनों के प्रवेश हेतु लगे बैरिकेडिंग को प्लेटफॉर्म के निकट करने तथा रेलकर्मियों के वाहनों के पार्किंग हेतु बनाये गये पार्किंग स्थल में शेड लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने गोरखपुर जं. स्टेशन के प्लेटफॉर्मों पर वाटर बूथ की संख्या बढ़ाने हेतु सम्बन्धित को निर्देशित किया। निरीक्षण के अन्त में श्री शुक्ल ने प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर पे एंड यूज प्रसाधन की साफ-सफाई को देखा। अपर महाप्रबन्धक ने स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाये रखने का निर्देश दिया, जिससे यहाँ आने वाले यात्रियों को सुखद अनुभूति हो। श्री शुक्ल ने स्टेशन परिसर एवं ड्रेनेज की साफ-सफाई बनाये रखने पर विशेष बल दिया।

निरीक्षण के दौरान अपर महाप्रबन्धक ने गोरखपुर जं. स्टेशन पर चल रही निर्माण परियोजनाओं का भी अवलोकन किया और सम्बन्धित को परियोजनाओं को पूरी गुणवत्ता के साथ समय से पूरा करने हेतु दिशा-निर्देश दिये। श्री शुक्ल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुनर्विकास हेतु किये जा रहे निर्माण कार्यों के दौरान यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और उनका आवागमन सुगम हो।

Source/NER

Previous Next