मण्डल रेल प्रबंधक/प्रयागराज, श्री रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, श्री हरिमोहन के निर्देशन में वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान प्रयागराज मंडल ने यात्री सुविधाओं के विकास एवं विस्तार के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं। मंडल द्वारा यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यों को स्वीकृति प्रदान कर उन्हें धरातल पर उतारा जा रहा है।
मंडल द्वारा वर्ष 2025-26 के दौरान 430 स्टेनलेस स्टील बेंच एवं 112 कुशन युक्त स्टील बेंच विभिन्न स्टेशनों पर स्थापित किए गए हैं, जिससे यात्रियों को बैठने की बेहतर सुविधा मिल रही है। यह कार्य पूर्व में स्वीकृत योजना को पूर्ण करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
डिजिटल सुविधाओं के विस्तार के तहत 19 स्टेशनों पर 33 नए एटीवीएम (ATVM) मशीनें स्थापित की गई हैं, जिनमें खागा, बिंदकी रोड एवं अछल्दा जैसे स्टेशनों पर पहली बार यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है। वर्तमान में मंडल के 37 स्टेशनों पर कुल 156 एटीवीएम मशीनें कार्यरत हैं।
जनसुविधाओं को विस्तारित करने के लिए प्रयागराज जंक्शन, इटावा, टूंडला जंक्शन, अलीगढ़ जंक्शन पर एक-एक एवं गोविंदपुरी में 2 ‘पे एंड यूज़’ टॉयलेट के O&M कॉन्ट्रैक्ट शुरू किए गए । इसके साथ ही अलीगढ़ जंक्शन पर BOT मॉडल के अंतर्गत डीलक्स ‘पे एंड यूज़’ टॉयलेट का कॉन्ट्रैक्ट शुरू किए गए ।
खानपान की सुविधाओं बेहतर बनाने के लिए प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या -2/3 पर उत्तर मध्य रेलवे का पहला ‘फ्रूट एंड जूस बार’ शुरू किया गया एवं 9 अन्य स्टेशनों पर 16 ‘फ्रूट एंड जूस बार’ भी शुरू किए गए हैं । मंडल के 18 स्टेशनों पर 35 खानपान स्टॉल एवं 8 स्टेशनों पर 25 बहुउद्देशीय स्टॉल शुरू किए गए हैं । इसके अतिरिक्त प्रयागराज छिवकी पर एक ‘रिफ्रेशमेंट रूम’ शुरू किया गया है । पेयजल सुविधा को सुगम बनाने के लिए गोविंदपुरी, मिर्ज़ापुर, प्रयागराज छिवकी मानिकपुर, टूंडला एवं शिकोहाबाद MKP, TDL और SKB सहित 5 स्टेशनों पर अनुबंध के तहत 5 वर्षों के लिए 17 वाटर वेंडिंग मशीन स्थापित की गई । मंडल में खानपान विक्रेताओं को दिए जाने वाले पारंपरिक पहचान पत्रों को भी आधुनिक बनाते हुए अब QR कोड आधारित पहचान पत्र जारी किए गए हैं।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न स्टेशनों पर बेबी फीडिंग पॉड की शुरुआत जून माह से की गई है। इसके अलावा, अलीगढ़ स्टेशन पर आधुनिक रेल कोच रेस्टोरेंट का उद्घाटन किया गया, जो यात्रियों को एक अनूठा भोजन अनुभव प्रदान कर रहा है। मिर्जापुर स्टेशन पर नया फूड प्लाजा भी प्रारंभ किया गया है।
यात्रियों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने हेतु प्रयागराज छिवकी, अलीगढ़ एवं कानपुर सेंट्रल में ‘दवा-दोस्त’ स्टॉल एवं मिर्ज़ापुर में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र शुरू किया गया । मिर्जापुर स्टेशन पर पेड एसी वेटिंग हॉल भी प्रारंभ किया गया है।

