आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना, रायबरेली के नवनियुक्त महाप्रबंधक श्री रामन कृष्णन ने दिनांक 09 अप्रैल, 2026 को महाप्रबंधक का पदभार ग्रहण कर लिया।
श्री रामन कृष्णन वर्ष 1990 बैच के भारतीय रेलवे यांत्रिक इंजीनियरिंग सेवा (आईआरएसएमई) के वरिष्ठ अधिकारी हैं तथा भारतीय रेल में तीन दशकों से अधिक का समृद्ध एवं बहुआयामी अनुभव रखते हैं। आरेडिका में पदभार ग्रहण करने से पूर्व वे इंटीग्रल कोच फैक्ट्री, चेन्नई में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी के पद पर कार्यरत थे।
अपने दीर्घ सेवाकाल में श्री कृष्णन ने भारतीय रेल के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। इनमें दक्षिण पश्चिम रेलवे में मुख्य यांत्रिक इंजीनियर एवं मुख्य रोलिंग स्टॉक इंजीनियर, रेल व्हील फैक्ट्री में मुख्य कार्यशाला इंजीनियर, भारतीय रेलवे यांत्रिक एवं विद्युत इंजीनियरिंग संस्थान (इरिमी), जमालपुर में वरिष्ठ प्रोफेसर, दक्षिण रेलवे एवं रेल कोच फैक्ट्री, कपूरथला में उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर, तथा दक्षिण रेलवे में कार्यशाला प्रबंधक एवं सहायक मंडल यांत्रिक इंजीनियर जैसे पद शामिल हैं।
श्री कृष्णन ने सिंगापुर एवं कुआलालंपुर (मलेशिया) से एडवांस मैनेजमेंट डेवलपमेंट प्रोग्राम तथा भारतीय रेल राष्ट्रीय अकादमी (नायर), वडोदरा से मैनेजमेंट डेवलपमेंट प्रोग्राम का विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया है।
वर्ष 2001 में रेल कोच फैक्ट्री, कपूरथला में कार्य के दौरान वियतनाम नेशनल रेलवे को बोगियों के निर्यात में महत्वपूर्ण योगदान तथा दक्षिण पश्चिम रेलवे में उच्च हॉर्सपावर (HHP) लोकोमोटिव के स्पेयर की खरीद में उत्कृष्ट भूमिका के लिए उन्हें दो बार महाप्रबंधक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, अन्य उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए उन्हें दो बार प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियर पुरस्कार भी प्राप्त हो चुका है।
श्री रामन कृष्णन को डीजल ट्रैक्शन, रेल कोच निर्माण, वर्कशॉप प्रबंधन एवं रोलिंग स्टॉक प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में विशेष विशेषज्ञता प्राप्त है। उन्होंने भारतीय रेल में नकद आधारित लेखांकन से उपार्जन आधारित लेखांकन प्रणाली में परिवर्तन तथा संगठनात्मक व्यवहार से संबंधित विषयों पर भी महत्वपूर्ण शोध कार्य किए हैं।
आरेडिका परिवार को विश्वास है कि श्री रामन कृष्णन के कुशल नेतृत्व में कारखाना उत्पादन, गुणवत्ता एवं नवाचार के नए आयाम स्थापित करेगा तथा भारतीय रेल के आधुनिकीकरण में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

.jpg)