उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल के अंतर्गत शिकोहाबाद-फर्रूखाबाद रेल खंड पर स्थित पुल संख्या 136 (काली नदी) के पुनरुद्धार की दिशा में एक बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। इस पुल के सभी 10 स्पानों की रीगर्डरिंग का कार्य आरडीएसओ (RDSO) के 18.3 मीटर के मानक स्टील गर्डर का उपयोग कर सफलतापूर्वक संपन्न कर लिया गया है।
ज्ञात हो कि इस काली नदी में वर्ष भर पानी का प्रवाह बना रहता है, जो इस कार्य के लिए एक बड़ी भौगोलिक चुनौती थी। इस कार्य को पूर्ण करने हेतु उत्तर प्रदेश सरकार के सिंचाई विभाग से निरंतर समन्वय स्थापित किया गया। नदी के जल स्तर को नियंत्रित करने के पश्चात ही 500 टन क्षमता वाली 02 विशाल रोड क्रेनों को सुरक्षित रूप से नदी के तट पर उतारकर गर्डर बदलने की प्रक्रिया पूरी की गई।
इस महत्वपूर्ण कार्य के पूर्ण होने से अब इस रेल खंड पर ट्रेनों की गति सीमा में वृद्धि की जा सकेगी, जिससे रेल परिचालन अधिक सुगम और समयबद्ध होगा। यह उपलब्धि महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे श्री नरेश पाल सिंह के कुशल मार्गदर्शन और मंडल रेल प्रबंधक (प्रयागराज) श्री रजनीश अग्रवाल के दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम है। इस कार्य का सफल निष्पादन ब्रिज लाइन टीम द्वारा किया गया, जिसका नेतृत्व उप मुख्य अभियंता (ब्रिज लाइन) श्री आई. पी. एस. यादव ने किया। इस दौरान प्रयागराज मंडल के इंजीनियरिंग, विद्युत और परिचालन विभागों के उत्कृष्ट तालमेल एवं सहयोग से इस जटिल कार्य को अत्यंत सुरक्षित और सटीक तरीके से अंजाम दिया गया
Source/NCR

.png)