भावनगर रेलवे मंडल द्वारा सिंहों एवं अन्य वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए निरंतर प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। मंडल के निर्देशानुसार ट्रेनों का संचालन करने वाले लोको पायलट निर्धारित गति का पालन करते हुए विशेष सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। भावनगर मंडल के लोको पायलटों की सतर्कता एवं वन विभाग के फॉरेस्ट ट्रैकरों के समन्वय से पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 में कुल 159 सिंहों की जान बचाई जा चुकी है। वहीं, वर्तमान वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक 81 सिंहों को सुरक्षित बचाया गया है।
भावनगर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अतुल कुमार त्रिपाठी ने बताया कि दिनांक 21.12.2025 (रविवार) को लोको पायलट श्री अनीश शेख एवं सहायक लोको पायलट श्री फरमान हुसैन ने सासणगीर-कांसियानेश सेक्शन में किलोमीटर संख्या 112/7-112/6 के बीच रेलवे ट्रैक पर 06 सिंहों को देखा। तत्पश्चात उन्होंने ट्रेन संख्या 52955 वेरावल-जूनागढ़ यात्री गाड़ी को तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाकर सुरक्षित रूप से रोक लिया।
लोको पायलट द्वारा ट्रेन मैनेजर (गार्ड) श्री विद्यानंद कुमार को तुरंत सूचना दी गई। वन विभाग के फॉरेस्ट ट्रैकर श्री राणा भाई द्वारा सभी सिंहों को सुरक्षित रूप से रेलवे ट्रैक से हटाया गया। स्थिति सामान्य पाए जाने के उपरांत लोको पायलट को ट्रेन के प्रस्थान की अनुमति दी गई, जिसके बाद ट्रेन को सावधानीपूर्वक गंतव्य की ओर रवाना किया गया।
Source/RSB

.jpg)