दिनांक 19 नवम्बर, 2025 को महाप्रबंधक/उत्तर मध्य रेलवे, श्री नरेश पाल सिंह द्वारा प्रयागराज मंडल अंतर्गत टूंडला–कानपुर खंड में स्थित टूंडला, फ़िरोज़ाबाद, शिकोहाबाद एवं इटावा स्टेशनों पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत जारी विभिन्न विकास कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक/उत्तर मध्य रेलवे, श्री शरद चंद्रायन, मुख्य परियोजना प्रबंधक/गतिशक्ति यूनिट, श्री मनीष वर्मा तथा मंडल रेल प्रबंधक/प्रयागराज मंडल, श्री रजनीश अग्रवाल, सचिव महाप्रबंधक श्री अखिल शुक्ला, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्री आकांशु गोविल, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कोचिंग श्री हरिमोहन सहित मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
महाप्रबंधक महोदय ने निरीक्षण की शुरुआत टूंडला स्टेशन से की। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत जारी कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं समय-सीमा की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही टूंडला रेलवे कॉलोनी का निरीक्षण कर कर्मचारियों के आवासीय सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव दिए। महाप्रबंधक महोदय ने उपमंडलीय रेलवे चिकित्सालय, टूंडला का भी निरीक्षण किया और उपलब्ध चिकित्सीय सेवाओं, उपकरणों एवं सुविधाओं का आकलन करते हुए सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।
अगले चरण में महाप्रबंधक महोदय ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चयनित फ़िरोज़ाबाद स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्य प्रवेश एवं द्वितीय प्रवेश द्वार पर चल रहे निर्माण कार्यों की स्थिति जानी तथा सर्कुलेटिंग एरिया को अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और यात्री-अनुकूल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्य समयबद्ध तरीके से तथा उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएँ।
इसके उपरांत शिकोहाबाद स्टेशन का निरीक्षण किया गया। महाप्रबंधक महोदय ने अमृत भारत योजना के तहत चल रहे कार्यों का गहन निरीक्षण करते हुए उन्हें निर्धारित समय-सीमा में एवं सर्वोच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण क्रम को आगे बढ़ाते हुए महाप्रबंधक महोदय ने इटावा स्टेशन का भी निरीक्षण किया। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चयनित इस स्टेशन पर निर्माणाधीन सेकेंड एंट्री भवन एवं 12 मीटर फुट ओवर ब्रिज के कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया गया। महाप्रबंधक महोदय ने संबंधित अधिकारियों से कार्यों के विभिन्न तकनीकी पहलुओं पर चर्चा की।
इसके अतिरिक्त महाप्रबंधक/उत्तर मध्य रेलवे, श्री नरेश पाल सिंह द्वारा निरीक्षण विशेष यान से टूंडला–कानपुर खंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण भी किया गया। विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण भारतीय रेल का एक महत्वपूर्ण निरीक्षण है, जिसमें चलती ट्रेन से निरीक्षण कार की पिछली खिड़की से ट्रैक, ओएचई, सिग्नलिंग, प्लेटफ़ॉर्म, समपार फाटक, प्वाइंट एवं क्रॉसिंग की वास्तविक स्थिति का मूल्यांकन किया जाता है। इस दौरान ट्रैक ज्योमेट्री इंडेक्स (TGI), स्टेशनों की साफ़-सफ़ाई, सवारी गुणवत्ता एवं अन्य महत्वपूर्ण पैरामीटरों का गहन परीक्षण किया गया।
निरीक्षण के अंत में महाप्रबंधक महोदय ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विकास कार्य उच्च गुणवत्ता, पारदर्शिता और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए पूर्ण किए जाएँ, ताकि यात्रियों एवं रेलकर्मियों को बेहतर, सुरक्षित और विश्वसनीय सुविधाएँ उपलब्ध हो सकें।
Source/RSB

.jpg)