दिनांक 14.11.2025 को प्रयागराज मंडल कार्यालय के ‘संकल्प सभागार’ में माघ मेला–2026 की तैयारियों को लेकर सिविल प्रशासन, मेला प्रशासन और रेलवे प्रशासन के बीच एक समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक/प्रयागराज, श्री रजनीश अग्रवाल ने की, जिसमें मंडलायुक्त/प्रयागराज, श्रीमती सौम्या अग्रवाल एवं जिलाधिकारी/प्रयागराज, श्री मनीष कुमार वर्मा उपस्थित थे। इस समन्वय बैठक में प्रयागराज विकास प्राधिकरण, नगर निगम, नमामि गंगे, लोक निर्माण विभाग, एवं रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए।
चर्चा के मुख्य बिंदु:
- यात्री सुविधाओं की जानकारी: अपर मंडल रेल प्रबंधक/सामान्य, श्री दीपक कुमार ने प्रयागराज परिक्षेत्र के प्रमुख रेलवे स्टेशनों, श्रद्धालुओं की संभावित आवाजाही, स्टेशनों पर बनाए जाने वाले होल्डिंग एरिया तथा अन्य यात्री सुविधाओं की विस्तृत जानकारी पावर प्वॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से साझा की।
- स्टेशन परिक्षेत्र: प्रयागराज क्षेत्र में उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, नैनी एवं सूबेदारगंज स्टेशन; उत्तर रेलवे के प्रयाग जंक्शन एवं प्रयागराज संगम स्टेशन; तथा पूर्वोत्तर रेलवे के प्रयागराज रामबाग और झूंसी स्टेशन शामिल हैं।
- आवागमन मार्ग: अपर मेलाधिकारी श्री दयानंद प्रसाद ने मेला अवधि के दौरान विभिन्न स्टेशनों से संगम क्षेत्र तक आने-जाने वाले प्रमुख एवं वैकल्पिक मार्गों पर विस्तार से चर्चा की।
- भीड़ प्रबंधन: बैठक में माघ मेला–2026 के प्रमुख पर्वों—जैसे पौष पूर्णिमा (03.01.2026), मकर संक्रांति (15.01.2026), मौनी अमावस्या (18.01.2026), बसंत पंचमी (23.01.2026), माघी पूर्णिमा (01.02.2026) एवं महाशिवरात्रि (15.02.2026)—पर आने वाली करोड़ों की संभावित भीड़ के सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुगम आवागमन को सुनिश्चित करने हेतु भीड़ प्रबंधन की रणनीतियों और वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
रेलवे एवं सिविल प्रशासन द्वारा इस संदर्भ में सहयोग हेतु विभिन्न प्रस्ताव साझा किए गए।
Source/RSB

.jpg)