इस वर्ष अक्टूबर 2025 में यात्री संख्या पिछले वर्ष अक्टूबर 2024 की तुलना में 20.94% अधिक है जो कि 5.47 लाख यात्री अधिक है |
मंडल रेल प्रबंधक झाँसी श्री अनिरुद्ध कुमार के दिशा-निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अमन वर्मा के नेतृत्व में वाणिज्य विभाग, झाँसी मंडल ने अक्टूबर 2025 में अनारक्षित यात्री संख्या और आय के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है।अक्टूबर 2025 में झाँसी मंडल से यात्रा करने वाले अनारक्षित यात्रियों की संख्या 31.64 लाख रही, जिससे 27.93 करोड़ रुपये की आय हुई। यह पिछले वर्ष अक्टूबर 2024 की तुलना में 40.63 प्रतिशत अधिक है। पिछले वर्ष इस अवधि में 26.16 लाख यात्रियों से 19.86 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई थी। इस वर्ष यात्रियों की संख्या में 20.94 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जो 5.47 लाख यात्रियों की बढ़ोतरी दर्शाती है।
- झाँसी, ग्वालियर, बाँदा, ललितपुर और उरई जैसे प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों की संख्या एवं आय दोनों में वृद्धि दर्ज की गई है।
- वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी स्टेशन से 5.68 लाख यात्रियों ने यात्रा की, जिससे 8.15 करोड़ रुपये की आय हुई।
- ग्वालियर स्टेशन से 6.19 लाख यात्रियों ने यात्रा की और 5.24 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई।
- बाँदा स्टेशन से 1.62 लाख यात्रियों ने यात्रा की और 1.61 करोड़ रुपये की आय हुई।
- ललितपुर स्टेशन से 1.48 लाख यात्रियों ने यात्रा की और 1.45 करोड़ रुपये की आय अर्जित हुई।
- उरई स्टेशन से 85 हजार यात्रियों ने यात्रा की और 77.46 लाख रुपये की आय हुई।
यात्रियों की बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त बुकिंग टिकट काउंटर खोले गए। स्टेशन के प्रवेश एवं निकास द्वारों पर टिकट जांच कर्मियों की तैनाती की गई, ताकि केवल वैध टिकट वाले यात्री ही यात्रा कर सकें। विभिन्न चेकिंग अभियानों के माध्यम से यात्रियों को उचित टिकट लेकर ही यात्रा करने हेतु जागरूक किया गया। इन समस्त कार्यों के सफल क्रियान्वयन में सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अनिल कुमार श्रीवास्तव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि अधिक टिकट काउंटर और अतिरिक्त एटीवीएम (ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन) की उपलब्धता से यात्रियों को टिकट खरीदने में सहजता हुई और उनका प्रतीक्षा समय कम हुआ। वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी तथा चित्रकूटधाम करवी स्टेशनों पर यात्रियों के लिए बनाए गए होल्डिंग एरिया ने उन्हें अपनी ट्रेन के इंतजार के लिए सुरक्षित और आरामदायक स्थान उपलब्ध कराया है। इन सभी व्यवस्थाओं से जहाँ यात्रियों की सुविधा में सुधार हुआ है, वहीं अनारक्षित यात्रियों की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
Source/RSB

.jpg)