देश के रेल नेटवर्क में गति, सुविधा और आधुनिकता के नए अध्याय जोड़ते हुए माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा 8 नवंबर 2025 को चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का शुभारंभ बनारस स्टेशन से किया जाएगा। यह ट्रेनें बनारस-खजुराहो,लखनऊ-सहारनपुर, फिरोजपुर-दिल्ली और एर्नाकुलम-बेंगलुरु रूट पर चलेंगी. इन ट्रेनों के शुभारंभ के साथ भारत में वंदे भारत एक्सप्रेस की संख्या बढ़कर 80 हो जाएगी, जो भारतीय रेल की तीव्र प्रगति और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प का सशक्त प्रतीक है। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ तथा माननीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव की गरिमामयी उपस्थित रहेगी।
इस संबंध में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि एक वंदे भारत एक्सप्रेस बनारस – खजुराहो के बीच चलेगी, जो मार्ग में विंध्याचल, प्रयागराज छिवकी होते हुए झांसी मंडल के चित्रकूट धाम कर्वी, बांदा, महोबा जैसे प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों को जोड़ते हुए बुंदेलखंड के प्रसिद्ध पर्यटन नगर खजुराहो तक पहुंचेगी। यह मार्ग अपने धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व के कारण देश-विदेश के पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा है। ट्रेन के संचालन से इन क्षेत्रों में पर्यटन, स्थानीय व्यापार, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
श्री कुमार ने बताया कि उद्घाटन के अवसर पर सभी प्रमुख स्टेशनों पर ट्रेन का भव्य स्वागत किया जाएगा। रेलवे द्वारा स्टेशन परिसरों को सुसज्जित किया जा रहा है तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों, पारंपरिक स्वागत समारोहों और जनभागीदारी कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। विभिन्न स्टेशनों पर माननीय जनप्रतिनिधि, स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे। यह ट्रेन उद्घाटन स्पेशल ट्रेन है जिसमें 8 कोच होंगे। यह ट्रेन बनारस से सुबह 08.05 बजे प्रस्थान करेगी। खजुराहो स्टेशन पर यह ट्रेन 16.25 बजे पहुंचेगी। इस ट्रेन के नियमित संचालन की जानकारी अलग से साझा की जाएगी।
मंडल रेल प्रबंधक महोदय ने बताया कि वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें भारतीय इंजीनियरिंग क्षमता, स्वदेशी तकनीक और रेलवे की आधुनिकता की पहचान बन चुकी हैं। तीव्र गति, अत्याधुनिक सुविधाएँ, पर्यावरण-अनुकूल तकनीक और उत्कृष्ट यात्री अनुभव के साथ ये ट्रेनें देश के रेल नेटवर्क में क्रांतिकारी परिवर्तन ला रही हैं। बनारस से खजुराहो तक चलने वाली नई वंदे भारत एक्सप्रेस बुंदेलखंड क्षेत्र के विकास, पर्यटन संवर्धन और क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगी। यह वंदे भारत एक्सप्रेस पर्यटन के एक सर्किट में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। पर्यटकों के लिए दिल्ली से खजुराहो और खजुराहो से बनारस जाना आसान हो जाएगा। प्रेस वार्ता में अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) श्री प्रेम प्रकाश शर्मा, अपर मंडल रेल (परिचालन) श्री नंदीश शुक्ल, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अमन वर्मा तथा जनसंपर्क अधिकारी श्री मनोज कुमार सिंह मौजूद रहे।
Source/RSB

.jpg)