भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती के अवसर पर झाँसी मंडल में राष्ट्रीय एकता दिवस बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर “एक भारत–श्रेष्ठ भारत” अभियान के तहत मंडल स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार द्वारा सरदार वल्लभभाई पटेल जी के फोटो चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ किया गया। इसके पश्चात् उन्होंने उपस्थित सभी रेलकर्मियों को राष्ट्रीय एकता एवं कर्तव्यनिष्ठा के अनुपालन हेतु शपथ दिलाई।
इसके उपरांत “रन फॉर यूनिटी” कार्यक्रम का आयोजन मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, झाँसी से वरिष्ठ रेल संस्थान तक किया गया। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक श्री कुलदीप स्वरूप मिश्र, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) श्री प्रेम प्रकाश शर्मा, सहित सभी शाखाधिकारी, निरीक्षक, पर्यवेक्षक एवं बड़ी संख्या में रेलवे कर्मचारी उपस्थित रहे।
दौड़ में प्रतिभागियों ने “रन फॉर यूनिटी” के माध्यम से देश की एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश दिया। मंडल खेल संघ (Divisional Sports Association), स्काउट्स एवं गाइड्स के सदस्यों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायक बन गया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार ने कहा कि “राष्ट्रीय एकता दिवस हमें सरदार पटेल के अदम्य साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और देश की एकता के लिए उनके योगदान की याद दिलाता है। हमें उनके आदर्शों को अपने कार्य और जीवन में आत्मसात करना चाहिए।”
Source/RSB

.jpg)