पश्चिम मध्य रेलवे द्वारा यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए त्योहारी सीजन के दौरान अपेक्षित भारी भीड़ से निपटने के लिए विशेष प्रबंध लागू किए गए हैं। जिसके तहत प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा और सुविधाओं से जुड़े सभी इंतजाम प्रभावी रूप से कार्यरत हैं।
त्यौहार पर्व के अवसर पर पश्चिम मध्य रेल के प्रमुख स्टेशनों जैसे जबलपुर, कटनी, सतना, रीवा, इटारसी, रानी कमलापति, भोपाल, बीना, कोटा एवं सवाई माधोपुर स्टेशनों पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए विशेष रेल सेवाएं संचालित की जा रही हैं। इन विशेष ट्रेनों के माध्यम से यात्रियों को भीड़भाड़ की स्थिति में भी सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा का अवसर प्रदान किया जा रहा है। इसके अलावा सोशल मीडिया एवं समाचार पत्रों के माध्यम से विशेष ट्रेनों की जानकारी भी लगातार साझा की जा रही है।
यात्रियों की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए रेलवे सुरक्षा बल, वाणिज्य, परिचालन एवं अन्य विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को विभिन्न स्टेशनों पर तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त होमगार्ड जवानों को भी प्रमुख स्टेशनों पर नियुक्त किया गया है। विशेष रूप से स्टेशनों पर बैरिकेटिंग, प्रतीक्षालय क्षेत्रों का निर्धारण एवं निरंतर उद्घोषणा जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण और यात्री सुविधा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। जैसे सभी प्रवेश और निकास द्वारों पर टिकट जांच कर्मियों और रेल सुरक्षा बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। साथ ही भीड़भाड़ वाले दिनों में अतिरिक्त टिकट खिड़कियां संचालित की जा रही हैं तथा प्लेटफार्म, प्रतीक्षालय, पार्किंग क्षेत्र और शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जा रही है।
स्टेशन परिसरों में आरपीएफ की सहायता से बैरिकेटिंग की व्यवस्था की गई है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए नियंत्रण कक्ष तथा वार रूम लगातार सक्रिय हैं। यात्री आवाजाही पर सतत नजर रखने और आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई के लिए वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों को भीड़भाड़ वाले समय में विशेष ड्यूटी पर तैनात किया गया है।
यात्रियों को ट्रेनों के आगमन, प्रस्थान और प्लेटफार्म संबंधी जानकारी उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से लगातार दी जा रही है। पूछताछ कार्यालय चौबीसों घंटे चालू हैं। ट्रेनों में विद्युत आपूर्ति, पानी और स्वच्छता की व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए संबंधित विभाग सक्रिय रूप से कार्यरत हैं। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्लेटफार्म परिवर्तन केवल अत्यंत आवश्यकता होने पर ही किया जा रहा है।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे त्योहारों के दौरान स्टेशन पर समय से पूर्व पहुँचें, अनावश्यक भीड़ से बचें और रेलवे द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। रेलवे यात्रियों की सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है और सभी विभागों के बीच प्रभावी समन्वय से यह अभियान सफलतापूर्वक जारी है।
Source/WCR

.jpg)