स्वच्छ भारत मिशन के तहत रेल प्रशासन द्वारा संचालित स्वच्छता पखवाड़ा 2025 के अंतर्गत झांसी मंडल में “सिंगल यूज़ प्लास्टिक निषेध दिवस” मनाया गया। इस अवसर पर मंडल के वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, ओरछा, दतिया, ललितपुर, चित्रकूटधाम कर्वी, खजुराहो, भीमसेन, छतरपुर, पुखरायां आदि प्रमुख स्टेशनों पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
यात्रियों, स्टेशन स्टाफ तथा रेलकर्मियों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभाव एवं इसके पर्यावरणीय नुकसान के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान लोगों को प्लास्टिक की जगह कपड़े या जूट के थैले के उपयोग हेतु प्रेरित किया गया। यात्रियों में संदेश के प्रसार हेतु कपड़े के बैग भी वितरित किए गए।
मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी की। सभी से प्लास्टिक रहित स्टेशन परिसर एवं स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण में योगदान देने की अपील की गई।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे स्टेशन परिसर में प्लास्टिक बोतलें, पॉलीथिन बैग, या अन्य सिंगल यूज़ प्लास्टिक वस्तुओं का उपयोग न करें तथा सफाई कर्मियों का सहयोग करें।
Source/RSB

.jpg)