स्वच्छ भोजन, सुरक्षित सफर : आगरा मंडल ने मनाया “स्वच्छ आहार दिवस”

रेलवे बोर्ड के दिशानिर्देशानुसार आगरा मंडल में 01.10.2025 से 15.10.2025 तक स्वच्छता पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है | इसी क्रम में दिनांक 10.10.2025 को मंडल रेल प्रबंधक श्री गगन गोयल के मार्गदर्शन में स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत स्वच्छ आहार दिवस मनाया गया | इस कार्यक्रम के तहत मंडल के विभिन्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीमों द्वारा ट्रेनों में चलने वाली पैंट्री कारों का गहन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पैंट्री कारों में खाद्य पदार्थों के भंडारण, तैयारी एवं परोसने की समस्त प्रक्रिया का अवलोकन किया गया। साथ ही, पैंट्री कार स्टाफ में स्वच्छता, हाइजीन एवं खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने हेतु संवाद सत्र आयोजित किया गया, जिसमें स्वच्छ भोजन की तैयारी, व्यक्तिगत स्वच्छता, तथा कार्यस्थल की सफाई से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। निरीक्षण टीम द्वारा पैंट्री कार में प्रयुक्त बर्तनों, खाद्य सामग्री, भंडारण क्षेत्र तथा कर्मचारियों की चिकित्सीय फिटनेस की जांच की गई। साथ ही बेस किचन एवं उसके स्टोर एरिया का भी निरीक्षण किया गया ताकि खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप सभी स्थानों पर स्वच्छता सुनिश्चित की जा सके। यात्रियों से भी पैंट्री कारों में बनाए जा रहे स्वच्छता एवं हाइजीन स्तर के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया गया, जिससे सेवा की गुणवत्ता में और सुधार किया जा सके। इस अवसर पर पैंट्री कारों में बर्तनों की सफाई की विधि, कचरा निस्तारण प्रणाली तथा स्मार्ट बिन के प्रयोग को प्रोत्साहित किया गया। स्वच्छता को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु अधिकारियों ने नवीनतम तकनीकों जैसे स्मार्ट बिन और कम्पैक्टर के उपयोग की अनुशंसा की, जिससे कचरे का प्रभावी निस्तारण हो सके। यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। “स्वच्छ आहार दिवस” के इस आयोजन से भारतीय रेलवे स्वच्छ भारत मिशन को गति देने और यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुखद यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के लिए सतत प्रयासरत है। यह अभियान तभी पूर्ण सफलता पाएगा जब प्रत्येक यात्री स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी मानकर सक्रिय सहयोग करेगा।

Source/RSB

Previous Next