दिनांक 09.10.2025 को रेलवे बोर्ड से कार्यकारी निदेशक (हेरिटेज) श्रीमती आशिमा मेहरोत्रा तथा उप निदेशक (हेरिटेज) श्री राजेश कुमार ग्वालियर पहुँचे। अपने दौरे के दौरान उन्होंने ग्वालियर स्थित एरिया मैनेजर कार्यालय तथा रेल संग्रहालय (Rail Museum) का निरीक्षण व अवलोकन किया।
इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य ग्वालियर मंडल क्षेत्र में स्थित ऐतिहासिक महत्व की रेल धरोहरों एवं सामग्रियों की पहचान, संरक्षण, दस्तावेजीकरण तथा इनको और बेहतर तरीके से प्रदर्शित करना रहा। अधिकारियों ने इन स्थलों की संरचनात्मक स्थिति, दशा, ऐतिहासिक दस्तावेजों एवं रेल सामग्री की उपलब्धता का जायज़ा लिया और इनके दीर्घकालिक संरक्षण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
श्रीमती मेहरोत्रा ने कहा कि भारतीय रेल की धरोहरें केवल ऐतिहासिक स्मृतियाँ नहीं, बल्कि भारत की तकनीकी और सांस्कृतिक यात्रा की सजीव गाथा हैं। इनका संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के लिए अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर रेलवे बोर्ड से पधारे अधिकारियों के साथ मुख्यालय से आए मुख्य चलशक्ति अभियंता श्री आर. डी. मौर्य, झाँसी मंडल से अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री नन्दीश शुक्ल तथा वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता (ओ.एंड.एफ.) श्री गौरव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने रेल संग्रहालय में उपलब्ध उपकरण एवं दस्तावेजों की जानकारी प्राप्त की तथा उनके बेहतर प्रदर्शन और रखरखाव के लिए सुझाव दिए तथा इनके ऐतिहासिक महत्व को ध्यान में रखते हुए, इसे रेल हेरिटेज टूरिज्म के रूप में विकसित किए जाने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
Source/RSB

.jpg)