स्वच्छता अभियान से बढ़ी जागरूकता, लाखों का जुर्माना वसूला।

"स्वच्छ भारत मिशन" पहल के अंतर्गत पूरे भारतीय रेलवे पर दिनांक 17.09.2025 से 02.10.2025 तक "स्वच्छता ही सेवा 2025" कैंपेन अभियान चलाया जा रहा है। इस कड़ी में पश्चिम मध्य रेल महाप्रबंधक श्रीमती शोभना बंदोपाध्याय के मार्गदर्शन में और तीनों मंडलों के मंडल रेल प्रबंधकों के निर्देशन में दिनांक 17.09.2025 से स्वच्छता पखवाड़ा अभियान चलाया जा रहा है। पश्चिम मध्य रेलवे जबलपुर, भोपाल एवं कोटा तीनों मंडलों के सभी स्टेशनों पर स्टेशन परिसर एवं गाड़ियों में स्वच्छ, सुखद एवं पर्यावरण अनुकूल वातावरण मुहैया कराने के प्रति लगातार प्रयासरत है। मंडलों के रेलवे स्टेशनों एवं रेलगाड़ियों में नियमित साफ सफाई सुनिश्चित की जाती है, साथ ही नियमित उद्घोषणा के माध्यम से यात्रियों को जागरूक भी किया जाता है। इसके अंतर्गत यात्रियों से स्टेशन परिसर को साफ सुथरा रखने, धूम्रपान नहीं करने तथा यहां वहां गंदगी नहीं करने के लिए जागरूक किया जाता है। वर्तमान में पखवाड़े के अंतर्गत स्वच्छता सम्बन्धी अभियान चरम पर हैं साथ ही जुर्माने के साथ साथ आम जन को जागरूक कर समझाइश भी दी जा रही है।

उल्लेखनीय है कि गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध चलाये गए अभियान में कुल 7,982 व्यक्तियों के मामले पकडे गए, जिनसे कुल 16 लाख 15 हजार 540 रुपये जुर्माना वसूला गया।

रेल प्रशासन यात्रियों से अनुरोध करता है कि रेलवे आपकी अपनी संपत्ति है, रेल परिसर में कृपया गंदगी न फैलाएं। स्टेशन का वातावरण स्वच्छ, सुंदर रखने में रेल प्रशासन द्वारा किये जा रहे प्रयासों में सहभागी बनें। गंदगी करने वालों के विरुद्ध आगे भी ऐसे अभियान निरंतर जारी रहेंगे।

Source/WCR

Previous Next