उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में निकाली गई तिरंगा रैली - महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे ने किया रैली को रवाना।

दिनांक 12 अगस्त 2025 को स्वतंत्रता दिवस-2025 के उपलक्ष्य में आयोजित हो रहे "हर घर तिरंगा" कार्यक्रम के अंतर्गत उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे श्री उपेंद्र चंद्र जोशी द्वारा उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय से राष्ट्रीय ध्वज लहराकर तिरंगा रैली का शुभारंभ किया गया। हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत आयोजित इस रैली को संगम परिसर उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय से रवाना किया गया और यह रैली मुख्यालय के साथ ही धूमनगंज-झलवा मार्ग से होकर रेलगांव कॉलोनी होते हुए वापस मुख्यालय में समाप्त हुई। इस रैली के माध्यम से रेल कर्मचारियों और आमजन को जागरूक किया गया। इस अवसर पर रैली में "वंदे मातरम" और "भारत माता की जय" आदि नारों का प्रतिभागी कर्मियों ने पूरे उत्साह के साथ उद्घोष किया।

इस अवसर पर हर घर तिरंगा के सेल्फी प्वाइंट पर महाप्रबंधक सहित सभी विभागाध्यक्षों एवं अन्य अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने फोटो खिंचवाई।

ज्ञात हो कि, वर्तमान वर्ष में हर घर तिरंगा अभियान 3 चरणों में आयोजित किया जा रहा है। प्रथम चरण 2 से 8 अगस्त तक, दूसरा चरण 8 से 12 अगस्त और तीसरा चरण 12 से 15 अगस्त तक आयोजित हो रहा है। इस दौरान जागरूकता रैली, तिरंगा रैली, सांस्कृतिक कार्यक्रम समेत अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आज़ादी के आंदोलन में तिरंगे की आन-बान और शान के लिए लाखों क्रांतिकारियों ने अपना बलिदान दिया। हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से ऐसे महान क्रांतिकारियों को नमन करने के साथ-साथ देशभक्ति की भावना को बढ़ाने का काम किया जा रहा है। हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य लोगों के मन में देशभक्ति की भावना जगाना और जनभागीदारी की भावना के साथ इस अभियान को सफल बनाना है। साथ ही स्टेशनों पर डिजिटल स्क्रीन, पोस्टर एवं बैनर, सेल्फी के माध्यम से हर घर तिरंगा अभियान के बारे में आमजन को जागरूक करते हुए उन्हें राष्ट्र के सम्मान में घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित भी किया जा रहा है।

इस रैली में अपर महाप्रबंधक श्री जे. एस. लाकरा, अध्यक्ष उत्तर मध्य रेलवे खेल संघ श्री एस. पी. द्विवेदी सहित अन्य प्रधान विभागाध्यक्ष एवं अन्य अधिकारी/कर्मचारी आदि ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

Source/RSB

Previous Next