मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त ने घटना स्थल का निरीक्षण कर घायलों से की मुलाकात।

दिनांक 02 अगस्त, 2025 को रेल संरक्षा आयुक्त / पूर्वोत्तर परिमंडल, श्री प्रणजीव सक्सेना ने भाऊपुर स्टेशन यार्ड का निरीक्षण किया। ज्ञात हो कि दिनांक 01.08.2025 को भाऊपुर स्टेशन यार्ड की लूप लाइन संख्या 4 के पॉइंट संख्या -4 पर गाड़ी संख्या 15269 मुजफ्फरपुर-साबरमती जनसाधारण एक्सप्रेस के इंजन साइड से 6वां एवं 7वां कोच अवपथित हो गया था। इस निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक / प्रयागराज, श्री रजनीश अग्रवाल; उप मुख्य यातायात प्रबंधक / कानपुर, श्री आशुतोष सिंह; मंडल इंजीनियर-5, श्री आयुष सिंह एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, श्री रविंद्र प्रसाद उपस्थित थे।

गाड़ी संख्या 15269 मुजफ्फरपुर-साबरमती जनसाधारण एक्सप्रेस के अवपथन में 2 यात्री गंभीर रूप से एवं 3 यात्री साधारण रूप से घायल हो गए थे। रेलवे प्रशासन द्वारा गंभीर रूप से घायल 02 यात्रियों को एवं साधारण रूप से घायल 3 यात्रियों को नियमानुसार अनुग्रह राशि प्रदान की गई।

रेल संरक्षा आयुक्त ने घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। तत्पश्चात अवपथन के उपरांत न्यू कोचिंग कॉम्प्लेक्स / कानपुर में लाए गए कोचों का निरीक्षण किया। न्यू कोचिंग कॉम्प्लेक्स में निरीक्षण के बाद रेल संरक्षा आयुक्त ने हैलट, कानपुर में घायल यात्रियों से मुलाकात की।

श्री प्रणजीव सक्सेना, रेल संरक्षा आयुक्त, पूर्वोत्तर परिमंडल, नागर विमानन मंत्रालय, भारत सरकार, दिनांक 05.08.2025 को 10:30 बजे से संकल्प हॉल, मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय / प्रयागराज में गाड़ी संख्या 15269 मुजफ्फरपुर-साबरमती जनसाधारण एक्सप्रेस के भाऊपुर यार्ड में दिनांक 01.08.2025 को लगभग 16:20 बजे घटित रेल अवपथन के संबंध में सांविधिक जांच करेंगे।

Source/RSB

Previous Next