ओरछा रेलवे स्टेशन पर दो एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव का हुआ शुभारंभ।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित ओरछा रेलवे स्टेशन पर आज दो प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों — खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 19665/19666) तथा ग्वालियर-वाराणसी बुंदेलखंड एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 11107/11108) के नियमित ठहराव का भव्य शुभारंभ हुआ।

इस महत्वपूर्ण सुविधा का शुभारंभ माननीय कैबिनेट मंत्री, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार, डॉ. वीरेंद्र कुमार द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। माननीय मंत्री द्वारा ट्रेन को लाने वाले लोको पायलट और सहायक लोको पायलट का स्वागत माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर किया गया।

कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत मंडल रेल प्रबंधक श्री दीपक कुमार सिन्हा द्वारा सभी अतिथियों को पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंटकर किया गया। माननीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने ओरछा स्टेशन को मिली इस सुविधा को क्षेत्रीय विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि हाल ही में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत इस स्टेशन का विकास किया गया और आज दो ट्रेनों के ठहराव की शुरुआत हो रही है। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय जनता को आवागमन में सुविधा, व्यापार को प्रोत्साहन एवं रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। अब ट्रेन पकड़ने के लिए यात्रियों को झाँसी नहीं जाना होगा। इससे उनके समय और धन की बचत होगी। इन ट्रेनों के ठहराव से पर्यटन के साथ-साथ होटल, हस्तशिल्प, स्थानीय व्यापार एवं रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा, साथ ही विद्यार्थियों एवं मरीजों को अन्य शहरों की शैक्षणिक और चिकित्सा सुविधाओं तक पहुँचना आसान होगा।

विधायक श्री अनिल जैन ने प्रधानमंत्री एवं रेल मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह ठहराव क्षेत्र के लोगों के लिए एक बड़ी सौगात है।

मंडल रेल प्रबंधक श्री दीपक कुमार सिन्हा ने कहा कि ओरछा से अब ग्वालियर, खजुराहो, वाराणसी एवं उदयपुर जैसे प्रमुख स्थलों के लिए सीधी रेल सेवाएँ उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि ओरछा एक ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व का स्थल है, और इस ठहराव से न केवल स्थानीय जनता को लाभ मिलेगा, बल्कि देश-विदेश के पर्यटकों के लिए भी यह और सुलभ हो जाएगा।

उक्त कार्यक्रम के उपरांत विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे पर्यावरण पखवाड़ा के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें डॉ. वीरेंद्र कुमार, विधायक श्री अनिल जैन तथा मंडल रेल प्रबंधक श्री दीपक कुमार सिन्हा ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल इंजीनियर श्री आशुतोष चौरसिया, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) श्री अशोक प्रिय गौतम, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर श्री नरेंद्र सिंह, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री विवेकानंद नारायण, वरिष्ठ मंडल मैकेनिकल इंजीनियर श्री गौरव, निवाड़ी कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

ओरछा स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव का समय इस प्रकार होगा:

  • गाड़ी संख्या 11107 ग्वालियरबनारस बुंदेलखंड एक्सप्रेस: रात्रि 23:00 – 23:02 बजे (30.05.2025 से प्रभावी)
  • गाड़ी संख्या 11108 बनारसग्वालियर बुंदेलखंड एक्सप्रेस: प्रातः 04:50 – 04:52 बजे (31.05.2025 से प्रभावी)
  • गाड़ी संख्या 19665 खजुराहोउदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस: दोपहर 13:00 – 13:02 बजे (30.05.2025 से प्रभावी)
  • गाड़ी संख्या 19666 उदयपुरखजुराहो इंटरसिटी एक्सप्रेस: दोपहर 14:23 – 14:25 बजे (30.05.2025 से प्रभावी)

गाड़ी संख्या 11107 ग्वालियरबनारस बुंदेलखंड एक्सप्रेस के ओरछा स्टेशन पर ठहराव से निम्नलिखित स्टेशनों में समय निम्नानुसार परिवर्तित होगा:

गाड़ी संख्या 11107 के स्टेशनों पर नया संशोधित ठहराव समय

निवाड़ी – 23:19 – 23:20

टेहरका – 23:33 – 23:34

मऊरानीपुर – 23:51 – 23:53

हरपालपुर – 00:11 – 00:13

बेलाताल – 00:31 – 00:32

कुलपहाड़ – 00:42 – 00:43

महोबा – 01:01 – 01:03

Source/RSB

Previous Next