उत्तर पश्चिम रेलवे, प्रधान कार्यालय, जयपुर में बुधवार, 26 मार्च 2025 को श्री अमिताभ, महाप्रबंधक उपरे की अध्यक्षता में क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की 68वीं बैठक आयोजित की गई। बैठक में दिसंबर 2024 में समाप्त तिमाही अवधि के हिंदी प्रगति की समीक्षा की गई, जहां विभिन्न मदों में राजभाषा नीति के तहत हिंदी के प्रयोग को बढ़ाने पर विचार विमर्श किया गया।
बैठक की शुरुआत में महाप्रबंधक महोदय ने हिंदी की प्रसिद्ध कवयित्री महादेवी वर्मा की जयंती पर उनके चित्र पर माल्यार्पण किया और उनकी प्रसिद्ध कविता “मेरा मिटने का अधिकार” का वाचन किया। मुख्य राजभाषा अधिकारी, सुश्री गीतिका पाण्डेय ने कहा कि हिंदी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि यह हमारी राष्ट्रीय एकता, संस्कृति और विचारों का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि हिंदी का प्रभाव अब वैश्विक स्तर पर भी महसूस किया जा रहा है।
महाप्रबंधक श्री अमिताभ ने अपने संबोधन में कहा कि राजभाषा का प्रचार प्रसार हमारी जिम्मेदारी है, जो हमें अपनी राष्ट्रीय भाषा को सशक्त बनाने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है। उन्होंने प्रधान कार्यालय स्तर पर प्रकाशित त्रैमासिक हिंदी ई-पत्रिका "मरूधरा" के 30वें अंक का विमोचन भी किया।
बैठक में रेलवे बोर्ड के 2021 के व्यक्तिगत नकद पुरस्कार योजना के 5 विजेताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही, राजभाषा विभाग द्वारा तैयार हिंदी ई-टूल्स पर लघु विडियो का प्रदर्शन भी किया गया। बैठक के अंत में उप मुख्य राजभाषा अधिकारी ने सभी सदस्यो को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बैठक की समाप्ति की घोषणा की।
Source/RSB

