101 समर्पित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय रेल में असाधारण योगदान के लिए प्रतिष्ठित 69वें अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार 2024

माननीय रेल, सूचना एवं प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री, भारत सरकार श्री अश्विनी वैष्णव जी ने 21 दिसम्बर, 2024 को भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में पूर्वोत्तर रेलवे के चार अधिकारियों/कर्मचारियों सहित भारतीय रेल के कुल 101 समर्पित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय रेल में असाधारण योगदान के लिए प्रतिष्ठित 69वें अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार 2024 प्रदान कर सम्मानित किया। माननीय रेल मंत्री ने सभी क्षेत्रों में ओवरऑल उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु पूर्वोत्तर रेलवे एवं मध्य रेलवे को संयुक्त रूप से गोविंद वल्लभ पंत शील्ड महाप्रबंधक सुश्री सौम्या माथुर तथा अपर महाप्रबंधक श्री दिनेश कुमार सिंह को प्रदान की। इसके अतिरिक्त उन्होंने संरक्षा शील्ड महाप्रबंधक, पूर्वोत्तर रेलवे सुश्री सौम्या माथुर तथा प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी श्री मुकेश मेहरोत्रा तथा रेल मदद पोर्टल के माध्यम से प्राप्त यात्रियों के परिवादों के त्वरित निस्तारण हेतु महाप्रबंधक सुश्री सौम्या माथुर तथा अपर महाप्रबंधक श्री दिनेश कुमार सिंह को रेल मदद शील्ड प्रदान की।

अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार से सम्मानित पूर्वोत्तर रेलवे पर वाराणसी मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री एस. एस. रहमान के विशेष प्रयासों से वाराणसी मंडल ने रू. 13.82 करोड़ संड्री आय, विज्ञापन मद से रू. 1.52 करोड़ तथा कैटरिंग से रू. 5.5 करोड़ की आय दर्ज की। वरिष्ठ कोचिंग डिपो अधिकारी, गोरखपुर श्री बलराम ने कोचिंग डिपो, गोरखपुर में आर.डी.एस.ओ. आशोधन को लागू कराकर व्हील शेलिंग में 30 प्रतिशत तथा स्प्रिंग ब्रेकेज में 40 प्रतिशत कमी की। आपने 570 वातानुकूलित कोचों में फायर स्मोक डिटेक्शन सिस्टम लगाए जिससे लागत दो करोड़ कम हुई। ज्ञानपुर रोड स्टेशन पर टेक्नीशियन-।।। के पद पर कार्यरत श्री मिथुन कुमार ने अपने कार्यकाल में शत प्रतिशत फिल्ड गियर अनुरक्षित कर असाधारण समर्पण भावना से कार्य किया। हरदतपुर रेलवे स्टेशन पर रेल पथ अनुरक्षक के पद पर कार्यरत श्री प्रिन्स कुमार कन्नौजिया को विभागीय संरक्षा नियमों एवं प्रक्रिया की अच्छी जानकारी है। आप एक अनुशासित कर्मचारी होने के साथ ही मजबूत संरक्षा दृष्टिकोण रखते हैं।

रेल मदद पोर्टल से प्राप्त परिवादों के त्वरित निस्तारण हेतु रेल मदद शील्ड पूर्वोत्तर रेलवे को प्राप्त हुई। परिवादों के गुणवत्ता युक्त निस्तारण पर परिवादकताओं ने उत्कृष्ट प्रतिक्रिया दी है। पूर्वोत्तर रेलवे पर अच्छे संरक्षा रिकॉर्ड एवं कार्यों को देखते हुए संरक्षा शील्ड प्रदान की गई। पूर्वोत्तर रेलवे को सभी क्षेत्रों में शानदार प्रदर्शन के लिए गोविंद वल्लभ पंत शील्ड प्रदान की गई। पूर्वोत्तर रेलवे की इन उपलब्धियों से सम्पूर्ण पूर्वोत्तर रेलवे परिवार गौरवान्वित हुआ है।

Source/NER & RSB

Previous Next