उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज रनिंग रूम को मिली सर्वश्रेष्ठ रनिंग रूम की शील्ड और 05 कर्मी भी हुए अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार 2024 से सम्मानित।

हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार समारोह का आयोजन हुआ। इसमें माननीय केंद्रीय मंत्री, रेल, सूचना एवं प्रसारण और इलेक्ट्रॉनिक्स, सूचना प्रौद्योगिकी, श्री अश्विनी वैष्णव द्वारा दिनांक 21.12.2024 को भारत मंडपम, दिल्ली में विभिन्न ज़ोनों एवं कारखानों को शील्ड प्रदान करने के साथ ही रेल कर्मचारियों एवं अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज रनिंग रूम को भी देश के सर्वश्रेष्ठ रनिंग रूम की शील्ड मिली। यह शील्ड उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री उपेंद्र चंद्र जोशी एवं मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज मंडल श्री हिमांशु बडोनी ने प्राप्त की। इस दौरान उत्तर मध्य रेलवे के 05 कर्मचारी एवं अधिकारी अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार 2024 से सम्मानित हुए। इनमें गुरजीत कौर, ओ एस डी स्पोर्ट्स मुख्यालय, श्री विजेंद्र कुमार मीणा, पॉइंट्समेन (काटेवाला), रामगढ़ स्टेशन, आगरा मंडल, श्री पंकज कुमार रजक, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक, प्रयागराज मंडल, दीपा कुमारी, सहायक लोको पायलट (इलेक्ट्रिकल), कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज मंडल एवं श्री मनमोहन मिश्र, ट्रैकमेन्टेनर III, यूनिट नं. 158 चित्रकूटधाम स्टेशन, झांसी मंडल शामिल हैं।

गुरजीत कौर, ओ एस डी स्पोर्ट्स मुख्यालय में कार्यरत हैं। इन्होंने 2014 से अब तक विशेषज्ञ ड्रैग फ्लिकर और डिफेंडर के रूप में 137 अंतर्राष्ट्रीय मैचों में भारतीय महिला हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व किया है और जापान में XXXII ओलंपिक गेम्स टोक्यो (महिला) 2021 (चौथे स्थान) में भाग लिया और भारत की ऐतिहासिक 1-0 की जीत में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच विजयी गोल किया, जिसने भारतीय महिला हॉकी टीम को प्रतिष्ठित आयोजन में अपने पहले सेमीफाइनल में जगह दिलाई। एफआईएच महिला प्लेयर ऑफ द ईयर अवार्ड 20-21, एफआईएच महिला नेशंस कप 2022 में स्वर्ण पदक, XXII कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में कांस्य, एशियाई खेल 2018 में रजत, एशियाई चैंपियंस 2018 में रजत, महिला एशिया कप 2017 में स्वर्ण पदक, महिला एशिया कप 2022 में कांस्य, XXI कॉमनवेल्थ गेम्स में भाग लिया, दक्षिण एशियाई खेल 2016 में स्वर्ण पदक, पंजाब सरकार का 2019 महाराजा रणजीत सिंह पुरस्कार, एफआईएच हॉकी महिला विश्व कप 2022 खेला, स्पोर्ट्स वूमेन ऑफ द ईयर 2019 स्पोर्ट्स स्टार एसेस अवार्ड, ओलंपिक क्वालीफाइंग टूर्नामेंट 2019 में टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी।

श्री विजेंद्र कुमार मीणा, पॉइंट्समेन (काटेवाला) के पद पर रामगढ़ स्टेशन, आगरा मंडल में कार्यरत हैं। इन्होंने रेल कार्य के दौरान रामगढ़ स्टेशन के रेल समपार -95 पर दिनांक 11.04.2023 को समय 8 से 20 बजे की ड्यूटी पर कार्य करते हुए एक महिला को पटरी पर आते देखा। समपार गाड़ी सं. 12403 के लिए बंद था। महिला ट्रैक के बीच में आ चुकी थी। गेटमैन की बात को सुनकर भी महिला ने अनसुना कर ट्रैक के पास जाने की कोशिश की। कर्मी ने अपनी सूझबूझ से महिला और बच्चों को उठाकर ट्रैक के किनारे सुरक्षित किया। यदि 5 सेकंड की देरी हो जाती, तो ट्रेन 12403 महिला और बच्चों की जान ले सकती थी। इस दौरान विजेंद्र कुमार मीणा की जान भी जा सकती थी। यह बहुत ही नेक व सराहनीय कार्य था।

श्री पंकज कुमार रजक, प्रयागराज मंडल में मुख्य वाणिज्य निरीक्षक के रूप में कार्यरत हैं। इन्होंने वित्तीय वर्ष 2023-24 में प्रयागराज मंडल को विभिन्न अनुबंधों को सफलतापूर्वक प्रदान किया। इस दौरान 03 NINFRIS प्रस्ताव, 05 आउट ऑफ होम, 15 RDN (डिजिटल और नॉन डिजिटल), 01 एसी वेटिंग रूम, 01 एग्जीक्यूटिव लाउंज, 01 क्लॉक रूम, 08 व्हाइट एटीएम (06 स्टेशन), 04 बैटरी संचालित कार (02 स्टेशन), 02 स्लीपिंग पॉड, 01 पार्सल पैकिंग (04 स्टेशन) और 05 रेल कोच अनुबंध प्राप्त हुए। प्रयागराज मंडल ने गैर किराया राजस्व में ₹437 लाख प्राप्त किए, जो रेलवे बोर्ड द्वारा निर्धारित ₹137 लाख के लक्ष्य से 319% अधिक था और वित्तीय वर्ष 2022-23 की तुलना में 286% अधिक था। यह प्रयागराज मंडल द्वारा गैर किराया राजस्व में अर्जित की गई अब तक की सबसे अधिक राशि थी।

दीपा कुमारी, सहायक लोको पायलट (इलेक्ट्रिकल) के पद पर कानपुर सेंट्रल स्टेशन, प्रयागराज मंडल में कार्यरत हैं। इन्होंने उत्कृष्ट कार्यों के माध्यम से संचालन की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इनकी भूमिका और समर्पण सराहनीय हैं।

श्री मनमोहन मिश्र, ट्रैकमेन्टेनर III के पद पर यूनिट नं. 158 चित्रकूटधाम स्टेशन, झांसी मंडल में कार्यरत हैं। इन्होंने PQRS किमी. 1320/0-1340/0 और BCM मशीन का कुशल संचालन किया। इनके अथक परिश्रम से स्क्रैप मटेरियल के निस्तारण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया गया है। इनके कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा की गई है।

Source/RSB

Previous Next