केंद्रीय आयुष मंत्रालय में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में राज्य मंत्री श्री प्रतापराव जाधव ने 16 जुलाई, 2025 को कोलकाता स्थित राष्ट्रीय होम्योपैथी संस्थान (एनआईएच) में स्नातक छात्रों के लिए 400 सीटों वाले यूजी बालक छात्रावास का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में केंद्रीय शिक्षा एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार, पुरुलिया से सांसद श्री ज्योतिर्मय सिंह महतो और मंत्रालय के अधिकारी उपस्थित थे।
श्री जाधव ने अपने संबोधन में कहा, “एनआईएच की स्वर्ण जयंती केवल 50 वर्षों का उत्सव नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और निरंतर उत्कृष्टता का प्रतीक है।” उन्होंने बुनियादी ढाँचा परियोजनाओं को समयबद्ध पूरा करने और पूर्व छात्रों के लिए समर्पित कक्ष की स्थापना का सुझाव दिया। उन्होंने छात्रों और कर्मचारियों से एक ऐसा संस्थान बनाने का आह्वान किया जो ज्ञान, नवाचार और करुणा का केंद्र बने।
डॉ. सुकांत मजूमदार ने कहा कि एनआईएच न केवल पश्चिम बंगाल बल्कि पूरे भारत के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने संस्थान को "एक भारत, श्रेष्ठ भारत" की भावना का प्रतीक बताया और एनआईएच की रोगी सेवा, ओपीडी और कैंसर उपचार में योगदान की सराहना की।
सांसद श्री ज्योतिर्मय सिंह महतो ने एनआईएच से उपचार प्राप्त करने का व्यक्तिगत अनुभव साझा किया और इसके क्षेत्रीय योगदान की प्रशंसा की।
एनआईएच के निदेशक ने बताया कि संस्थान प्रतिदिन 3,000 रोगियों की सेवा करता है। उन्होंने इसे “एक भावना, एक परिवार और सेवा का संकल्प” बताया और उत्कृष्टता केंद्र बनने की आकांक्षा जताई।
Source/PIB

