पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे में 6,777 अप्रेंटिस पदों पर आवेदन शुरू, 19 अगस्त तक करें आवेदन

Rail Samachar Bureau

रेलवे में अप्रेंटिसशिप करने के इच्छुक युवाओं के लिए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) ने 6,777 अप्रेंटिस पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। पात्र उम्मीदवार 19 अगस्त 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट nfr.indianrailways.gov.in के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

जारी अधिसूचना के अनुसार, आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से कक्षा 10वीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है। इसके साथ ही संबंधित ट्रेड में आईटीआई (ITI) प्रमाणपत्र होना भी अनिवार्य है।

भर्ती के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 15 वर्ष और अधिकतम आयु 24 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी। अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) के उम्मीदवारों को 5 वर्ष, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के उम्मीदवारों को 3 वर्ष, जबकि दिव्यांग (PwBD) अभ्यर्थियों को 10 वर्ष की आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी।

आवेदन शुल्क के रूप में अनारक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को 100 रुपये का पंजीकरण शुल्क जमा करना होगा। वहीं, एससी, एसटी और दिव्यांग श्रेणी के उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है।

इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट nfr.indianrailways.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन से पहले अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और अन्य शर्तों की जानकारी के लिए भर्ती अधिसूचना का सावधानीपूर्वक अध्ययन कर लें।

Source - RSB